- परिजनों ने हत्या की आशंका जताकर निष्पक्ष जांच की मांग की जबलपुर, (ईएमएस)। मदन महल क्षेत्र से जनवरी माह में लापता हुई युवती गीता राजपाल की मौत का मामला अब नए सवाल खड़े कर रहा है। शहपुरा थाना क्षेत्र में नर्मदा नदी के किनारे मिले अज्ञात युवती के शव की पहचान डीएनए जांच के बाद गीता राजपाल के रूप में हुई है। पहचान होने के बाद परिजनों ने दो युवकों पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है। जानकारी के अनुसार गीता राजपाल 18 जनवरी को अपने घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी तलाश के बाद 20 जनवरी को मदन महल थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसी दौरान 29 जनवरी को शहपुरा क्षेत्र में नर्मदा किनारे एक युवती का शव बरामद हुआ था। शव काफी खराब अवस्था में होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में पुलिस ने गीता के परिजनों के डीएनए नमूने लेकर परीक्षण कराया, जिसकी रिपोर्ट में शव की पहचान गीता राजपाल के रूप में हुई। परिजनों ने जताई हत्या की आशंका.......... डीएनए रिपोर्ट मिलने के बाद बुधवार को मृतका के परिजन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा से मिले। उन्होंने दो युवकों पर संदेह व्यक्त करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि गीता की हत्या कर शव को नर्मदा में फेंका गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने मदन महल थाना पुलिस को सभी पहलुओं की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है। सुनील साहू / शहबाज / 11 जून 2026/ 05.57