राज्य
11-Jun-2026
...


:: पारुष मंडल की रफ्तार के आगे बेबस हुई मालवा की टीम, मात्र 11 रन देकर चटकाए 5 विकेट; हिमांशु मंत्री ने 26 गेंदों में 60 रन कूटकर मचाया कोहराम :: इंदौर (ईएमएस)। तेज गेंदबाज पारुष मंडल (5/11) के पंच और सलामी बल्लेबाज हिमांशु मंत्री (61 रन, 26 गेंद) के तूफानी अर्धशतक की बदौलत रॉयल निमाड़ ईगल्स ने होल्कर स्टेडियम में खेले गए मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग टी-20 सिंधिया कप के एकतरफा मुकाबले में मालवा स्टैलियंस को 8 विकेट से रौंद दिया। स्टैलियंस को महज 113 रनों पर समेटने के बाद ईगल्स ने विस्मयकारी बल्लेबाजी करते हुए जीत का लक्ष्य केवल 9.4 ओवरों में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। निमाड़ की टीम ने 62 गेंदें शेष रहते यह ऐतिहासिक जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी रॉयल निमाड़ ईगल्स के गेंदबाजों ने बेहतरीन शुरुआत की। मालवा स्टैलियंस का शीर्ष क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। स्कोर बोर्ड पर अभी एक रन भी नहीं टंगा था कि सक्षम पुरोहित (0) और अखिल निगोते यादव (0) पवेलियन लौट चुके थे। महज 29 रन के कुल योग पर टीम के 4 शीर्ष बल्लेबाज डगआउट में बैठ चुके थे। इस संकट काल में कप्तान आशुतोष शर्मा ने खूंटा गाड़ा और जवाबी हमला शुरू किया। आशुतोष ने अपनी 38 रनों की कप्तानी पारी में मात्र 24 गेंदें खेलीं, जिसमें 1 चौका और 4 छक्के शामिल थे। उन्होंने प्रशांत कासदे (15) के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 45 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। अंत में पार्थ साहनी ने नाबाद 27 रन बनाकर टीम को 100 के पार पहुंचाया, लेकिन पूरी टीम 17.5 ओवर में 113 रनों पर ढेर हो गई। ईगल्स की इस कड़क गेंदबाजी के महानायक रहे तेज गेंदबाज पारुष मंडल। पारुष ने मात्र 2.5 ओवर के कोटे में 1 मेडन ओवर फेंकते हुए सिर्फ 11 रन दिए और 5 बल्लेबाजों का शिकार किया। उनका इकोनॉमी रेट महज 3.90 का रहा, जिसने मालवा की रीढ़ तोड़ दी। कप्तान सारांश जैन ने भी 33 रन देकर 2 विकेट चटकाए। 114 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल निमाड़ ईगल्स के इरादे पहले ही ओवर से साफ थे। सलामी बल्लेबाज धर्मेश पटेल (11) के जल्दी आउट होने के बाद मैदान पर आए विकेटकीपर बल्लेबाज हिमांशु मंत्री ने चौके-छक्कों की बौछार कर दी। हिमांशु ने गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए मात्र 26 गेंदों में 60 रन ठोक दिए, जिसमें 4 चौके और 6 छक्के शामिल थे। उन्होंने कनिष्क दुबे के साथ दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 39 गेंदों में 75 रनों की पार्टनरशिप की। आलम यह था कि ईगल्स ने पावरप्ले में ही 76 रन बोर्ड पर टांग दिए थे। हिमांशु के आउट होने के बाद कनिष्क दुबे (26*) और आनंद बैस (16*) ने 10वें ओवर में ही टीम को ऐतिहासिक जीत दिला दी। पारुष मंडल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। :: संक्षिप्त स्कोर :: मालवा स्टैलियंस : 113/10 (17.5 ओवर) (आशुतोष शर्मा 38, पार्थ साहनी 27*, प्रशांत कासदे 15; पारुष मंडल 5/11, सारांश जैन 2/33, देवेंद्र सिंह 1/15) रॉयल निमाड़ ईगल्स : 116/2 (9.4 ओवर) (हिमांशु मंत्री 60, कनिष्क दुबे 26*, आनंद बैस 16*; सचिन विश्वकर्मा 1/10, विवेक शर्मा 1/23) प्रकाश/10 जून 2026