-पीडि़ता बोली- जबरन जमीन पर कब्जा किया सिंगरौली(ईएमएस)। सिंगरौली जिले के माड़ा थाना इलाके की ग्राम पंचायत रंपा में गुरुवार दोपहर को जमीन के झगड़े को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान एक महिला के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने महिला पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की और जबरन उसकी जमीन पर ट्रैक्टर से बखर दिया। पीडि़त महिला अनीता देवी ने बताया कि जमीन के पुराने विवाद को लेकर शिवेंद्र कुमार शाह, देवेंद्र कुमार शाह, राघवेंद्र शाह, आरती शाह और राजाराम शाह समेत छह से ज्यादा लोग लाठी-डंडे लेकर वहां आ धमके। इन लोगों ने आते ही अनीता देवी के साथ मारपीट शुरू कर दी। महिला का आरोप है कि हमलावर ट्रैक्टर लेकर आए थे और जब उन्होंने विरोध किया, तो उन पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की गई। इसके बाद आरोपियों ने डरा-धमकाकर उनकी एक एकड़ से ज्यादा खेत की जमीन को जबरन जोत डाला। इस घटना के बाद से पीडि़त परिवार अपनी जान-माल को लेकर काफी डरा हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि उन्हें सुरक्षा मिल सके। विनोद उपाध्याय / 11 जून, 2026