देहरादून (ईएमएस)। संयुक्त नागरिक संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम देहरादून के नवनियुक्त नगर आयुक्त से पहली औपचारिक मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त से कहा कि उनके इस महत्वपूर्ण पद पर आने से नागरिकों का विश्वास और मजबूत हुआ है तथा लोगों को उम्मीद है कि शहर की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। बैठक के दौरान शहर में जनसहभागिता आधारित कार्यक्रमों, सांस्कृतिक आयोजनों और नागरिक जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। संगठन के सदस्यों ने सुझाव दिया कि देहरादून में भी समय-समय पर ऐसे आयोजन किए जा सकते हैं, जिनसे नागरिकों, युवाओं और वरिष्ठजनों की भागीदारी बढ़े तथा शहर की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूती मिले। इस दौरान नगर आयुक्त ने नगर निगम में शुरू की जा रही नई पहलकी जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम के कार्यों में विशेषज्ञों की भागीदारी बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि उद्यान एवं हरित विकास (हॉर्टिकल्चर) के क्षेत्र में विशेषज्ञों की सेवाएं ली जा रही हैं, जिससे वैज्ञानिक तरीके से यह निर्धारित किया जा सके कि किस क्षेत्र में कौन-से पौधे लगाए जाएं, उनकी देखभाल और छंटाई किस प्रकार की जाए तथा शहर के हरित क्षेत्रों को और बेहतर बनाया जा सके। इस अवसर पर संगठन के अनेक पदाधिकारी शामिल रहे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/11 जून 2026