राष्ट्रीय
11-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। कर्नाटक से राज्यसभा की चार सीटों के लिए होने वाले चुनाव से पहले सभी चार उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। इनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मंसूर अली खान और भारतीय जनता पार्टी के प्रोफेसर एम. नागराजा शामिल हैं। किसी अन्य उम्मीदवार द्वारा नामांकन वापस न लेने या मुकाबले में न रहने के कारण चुनाव की आवश्यकता नहीं पड़ी और सभी उम्मीदवारों को निर्विरोध विजयी घोषित किया गया। कांग्रेस के लिए यह परिणाम विशेष महत्व रखता है क्योंकि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे लगातार दूसरी बार कर्नाटक से राज्यसभा पहुंच रहे हैं। पार्टी ने इस चुनाव के जरिए अपने राष्ट्रीय नेतृत्व को उच्च सदन में मजबूत प्रतिनिधित्व देने की रणनीति अपनाई थी। वहीं कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा और संगठन के वरिष्ठ नेता मंसूर अली खान का राज्यसभा पहुंचना भी पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार प्रोफेसर एम. नागराजा का निर्विरोध चुना जाना भी पार्टी के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। भाजपा ने उन्हें कर्नाटक से अपना आधिकारिक उम्मीदवार बनाया था और विधानसभा में संख्या बल के आधार पर उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही थी। कर्नाटक विधानसभा में राजनीतिक दलों की मौजूदा स्थिति को देखते हुए इन चारों सीटों पर किसी बड़े मुकाबले की संभावना पहले से ही कम थी। सुबोध/११-०६-२०२६