राज्य
11-Jun-2026
...


:: दिनभर उमड़ता रहा भक्तों का सैलाब, संध्या को मनाया गया नौका विहार का जीवंत उत्सव; हनुमानजी बने सारथी :: इंदौर (ईएमएस)। एयरपोर्ट रोड, पीलियाखाल स्थित प्राचीन हंसदास मठ पर पुरुषोत्तम मास की परमा एकादशी के शुभ संयोग पर भगवान रणछोड़जी एवं लक्ष्मीजी की 1008 नामों से विशेष पुष्पार्चना की गई। सुबह से शाम तक सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हंसपीठाधीश्वर श्री महंत रामचरणदास महाराज के मार्गदर्शन में दर्शन-पूजन का लाभ लिया। मठ में चल रहे 108 श्रीमद्भागवत एवं रामायण पारायण के अनुष्ठान के अंतर्गत संध्याकाल में नौका विहार का जीवंत उत्सव भी मनाया गया, जिसमें रणछोड़जी एवं लक्ष्मीजी की नौका में स्वयं हनुमानजी सारथी बनकर शामिल हुए। इस उत्सव के दौरान मठ में स्थापित अन्य देवी-देवताओं को भी विराजित कर नौका विहार कराया गया। :: मंत्री विजयवर्गीय सहित विशिष्टजनों ने किया पूजन :: मठ के महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज ने बताया कि इस पावन अवसर पर राज्य के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, एमआईसी सदस्य निरंजन सिंह चौहान गुड्डू, पार्षद संध्या यादव, गोविंद पंवार, जयदीप जैन, राजेश शर्मा, अनिकेत पाठक, तनय शर्मा, आदित्य गोस्वामी एवं रामकुमार शर्मा सहित अनेक विशिष्टजनों ने मंदिर आकर भागवत पारायण कर रहे विद्वानों का सम्मान एवं पूजन किया। :: देवी-देवताओं का हुआ नयनाभिराम श्रृंगार :: परमा एकादशी के विशेष संयोग पर गुरुवार को मठ पर सुबह से ही भागवत पूजन के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ा रहा। आचार्य पं. राजेश शास्त्री के निर्देशन में चल रहे पारायण में प्रतिदिन भक्तों के समूह आकर आराधना कर रहे हैं। मठ के संत यजत्रदास ने बताया कि पुरुषोत्तम मास के दौरान मठ स्थित रजत मंडित पंचमुखी हनुमान, रणछोड़जी, टीकमजी और हंसेश्वर महादेव सहित सभी देवी-देवताओं का नयनाभिराम श्रृंगार किया जा रहा है। प्रकाश/11 जून 2026 संलग्न चित्र- इंदौर। हंसदास मठ पर पुरुषोत्तम मास की परमा एकादशी के शुभ संयोग पर भगवान रणछोड़जी एवं लक्ष्मीजी नौका विहार करते हुए, हनुमानजी उनके सारथी बने हुए हैं।