राज्य
11-Jun-2026
...


:: रात्रि भोज में दिखा मध्यप्रदेश का वैभव, विदेशी प्रतिनिधियों ने सराही अतिथि-सत्कार की परंपरा :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर में आयोजित ब्रिक्स देशों के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान गुरुवार की रात संस्कृति और आतिथ्य का अद्भुत संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ब्रिक्स देशों से आए कृषि मंत्रियों और विदेशी प्रतिनिधियों के सम्मान में भव्य रात्रि भोज का आयोजन किया। इस दौरान मध्यप्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक परंपरा और पर्यटन वैभव की झलक देख अतिथि मंत्रमुग्ध हो गए। रात्रि भोज के दौरान आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रदेश की लोक कला और आध्यात्मिक चेतना को बेहद जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। यह आयोजन न केवल अतिथियों के स्वागत का माध्यम बना, बल्कि प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों और सांस्कृतिक विविधता को वैश्विक मंच पर गौरवशाली पहचान भी दिलाई। इस गरिमामयी आयोजन में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, कृषि मंत्री एदलसिंह कंसाना, सांसद शंकर लालवानी और कविता पाटीदार विशेष रूप से मौजूद रहे। साथ ही महापौर पुष्यमित्र भार्गव, जिला पंचायत अध्यक्ष रीना सतीश मालवीय, विधायक मालिनी गौड़, उषा ठाकुर, रमेश मेंदोला, मधु वर्मा, गोलू शुक्ला, सावन सोनकर, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा और ज‍िलाध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि व वरिष्ठ अधिकारी इस शाम के साक्षी बने। ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान हुए इस आयोजन ने प्रदेश की अतिथि देवो भव: की परंपरा को नई ऊंचाइयों पर पहुँचाया। आयोजन की भव्यता और आत्मीय सत्कार ने विदेशी प्रतिनिधियों पर गहरी छाप छोड़ी। प्रतिनिधियों ने प्रदेश की मेजबानी की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए इसे अपने प्रवास का सबसे यादगार अनुभव बताया। प्रकाश/11 जून 2026