राष्ट्रीय
11-Jun-2026


राम मंदिर में शुरू से हो रही चोरी अयोध्या(ईएमएस)। अयोध्या राम मंदिर में आए चढ़ावे में 7 करोड़ रुपए की चोरी के दावे पर सियासत जारी है। इसी बीच, शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने गुरुवार को एटा में कहा कि राम मंदिर में शिला पूजन के समय से ही चोरी हो रही है। कितने आरोप लग चुके हैं। जब मंदिर बनने लगा तो प्लॉट बिकने लगे। दो-दो मिनट में प्लॉट करोड़ में हो जाता था। वहां पहले से ही चंपत राय बैठे हैं। चंपत का मतलब ही होता है लेकर भाग जाना। चंपत राय मंदिर ट्रस्ट के महामंत्री हैं। इधर, खुद को मंदिर का पूर्व लेखा प्रभारी बताने वाले महिपाल सिंह ने कहा कि मंदिर में चोरी कोई नई बात नहीं थी, यह रोजाना होती थी। मैंने खुद चोरी पकड़ी थी। इसकी शिकायत चंपत राय और गोपाल जी से की थी। इसके अगले ही दिन चंपत राय ने मुझे हटा दिया। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की 8 महीने पुरानी फुटेज भी डिलीट करवा दी गई। चंपत राय अव्यवस्था पसंद व्यक्ति हैं। मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं में अपनी मनमर्जी चलाते हैं। अगर कोई उनका विरोध करता है, तो उसे हटा दिया जाता है। राम मंदिर आंदोलन से जुड़े भाजपा नेता और बजरंग दल के संस्थापक विनय कटियार लखनऊ से अयोध्या पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह के आरोप सामने आ रहे, उनकी सच्चाई सामने आनी चाहिए। इसलिए जांच जरूरी है। जब मामला करोड़ों लोगों की श्रद्धा और विश्वास से जुड़ा हो, तब पारदर्शिता सबसे महत्वपूर्ण होती है। जांच होगी तो वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। मैं इसकी जानकारी लेने अयोध्या आया हूं। विनोद उपाध्याय / 11 जून, 2026