राष्ट्रीय
11-Jun-2026


ओमान के पास जलवीर पर हमला नई दिल्ली(ईएमएस)। ओमान तट के पास बुधवार को हुए हमले के 24 घंटे बीतने तक एक और हमला रिपोर्ट किया गया है। ये हमला ओमान के शिनास बंदरगाह के पास एक जहाज पर हुआ है। इस शिप का नाम एमटी जलवीर है और सामने आई तस्वीरों में समुद्र के बीच इस शिप को जलते हुए देखा जा सकता है। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारी हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि उन्हें गुरुवार को शिनास बंदरगाह के पास एक पोत (वेसल) से संबंधित घटना की सूचना मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। बयान के अनुसार, घटना के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाने के लिए स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है। फिलहाल घटना के कारणों और संभावित प्रभावों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। इस हमले की जानकारी ओमान में भारतीय एंबेसी की ओर से दी गई है। मामले में और जानकारी जुटाई जा रही है। तीन भारतीय नाविकों की मौत बता दें कि ओमान तट के पास बीते बुधवार को भी एक कमर्शियल जहाज पर हमला होने की बात सामने आई थी। इस जहाज पर कुल 28 लोग सवार थे। इनमें से 24 भारतीय थे। दुखद बात यह है कि इस हमले के बाद 3 भारतीय लापता हो गए थे, जिनकी मौत की पुष्टि हो गई है। जबकि 21 भारतीय को सफलतापूर्वक बचा लिया गया है। ये घटना 10 जून की है। भारत ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। जिस जहाज पर हमला किया गया था उसका नाम सेटेबेलो था। भारतीय विदेश मंत्रालय ने की कड़ी निंदा तेल टैंक पर हुए अमेरिकी हमले में भारतीय नाविकों की मौत की पुष्टि होने के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि हम ओमान के तट पर वाणिज्यिक पोत सेट्टेबेलो पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हैं। पोत पर सवार 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों में से 21 को अब तक बचा लिया गया है और 3 भारतीय लापता बताए जा रहे हैं। विनोद उपाध्याय / 11 जून, 2026