20 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर जजों और दर्शकों का मोहा मन देहरादून (ईएमएस)। एम्बेलिश टैलेंट मैनेजमेंट की ओर से मिस टीन उत्तराखंड 2026 का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने अपने अदाओं को प्रदर्शित किया। यहां जीएमएस रोड स्थित एक होटल में मिस टैलेंटेड राउंड का आयोजन किया गया, जिसमें 20 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर जजों और दर्शकों का मन मोह लिया। मिस टैलेंटेड राउंड के दौरान प्रतिभागियों ने डांस, सिंगिंग, एक्टिंग और अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला और आत्मविश्वास का परिचय दिया। वहीं दूसरी ओर सभी प्रतिभागियों ने मंच पर अपने-अपने हुनर का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता को रोचक और यादगार बना दिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के उत्साह और ऊर्जा ने पूरे माहौल को जीवंत बनाए रखा। इस अवसर पर जजेज ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन, आत्मविश्वास, मंच संचालन क्षमता, प्रस्तुति शैली और रचनात्मकता के आधार पर उनका मूल्यांकन किया। एम्बेलिश टैलेंट मैनेजमेंट की डायरेक्टर ख्याति शर्मा ने बताया कि मिस टीन उत्तराखंड केवल एक ब्यूटी कॉन्टेस्ट नहीं है, बल्कि यह युवतियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को निखारने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों को उत्तराखंड की संस्कृति, विरासत, पर्यटन और सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य के तहत हाल ही में प्रतिभागियों को टिहरी बांध का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें बांध की कार्यप्रणाली, निर्माण, जल प्रबंधन और उसके महत्व से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। टिहरी बांध के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतिभागियों को परियोजना के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। इस प्रकार के शैक्षणिक और जागरूकता आधारित भ्रमण कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर गणमान्य व्यक्ति शामिल रहे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/11 जून 2026