‘दीदी’ तय करें अभिषेक को रखेंगी या मुझे छोड़ेंगी नई दिल्ली(ईएमएस)। टीएमसी को फिर से एक बड़ा झटका लगा है। अब टीएमसी से सांसद और पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी के करीबी कल्याण बनर्जी ने पार्टी छोडऩे की धमकी दी है। कल्याण बनर्जी, अभिषेक बनर्जी से नाराज चल रहे हैं। उन्होंने ममता बनर्जी से यह तक कह दिया है कि या तो अभिषेक बनर्जी को रखिए या फिर मुझे छोड़ दीजिए। उन्होंने कहा कि मुझे जो कहना है, मैंने ‘दीदी’ से कह दिया है। कल्याण बनर्जी वरिष्ठ अधिवक्ता भी हैं। जब पत्रकारों ने पूछा कि आप टीएमसी के साथ हैं, तो कल्याण बनर्जी ने कहा कि मैं ममता दीदी के साथ हूं। अभिषेक पर आरोप लगाते हुए कल्याण बनर्जी ने कहा कि वो घमंडी हो गए हैं और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आदर नहीं करते हैं। कल्याण बनर्जी के अनुसार अब वो अभिषेक का केस नहीं लड़ेंगे। कल्याण ने कहा कि अभिषेक के काम करने के तरीकों को लेकर पार्टी में असंतोष है। उन्होंने कहा कि अगर ममता बनर्जी अभिषेक के साथ मिलकर पार्टी चलाना चाहती हैं तो मैं नहीं रहूंगा। मैं अभिषेक का कोई भी केस नहीं लड़ूंगा कल्याण बनर्जी ने कहा कि मैं अभिषेक बनर्जी का कोई भी केस नहीं लड़ूंगा क्योंकि मुझे उनका घमंडी रवैया पसंद नहीं है। मैंने इस पेशे में 45 साल बिताए हैं। ये सभी लोग मेरे साथ जूनियर के तौर पर काम कर चुके हैं। वह मेरी बेइज्जती कैसे कर सकते हैं? राजनीति में भी मैं उनसे सीनियर हूं। वह ऐसा नहीं कर सकते। उन्हें यह समझना होगा कि उन्हीं की वजह से हम हारे हैं। उन्हें यह भी समझना होगा कि पार्टी उन्हीं की वजह से इस संकट का सामना कर रही है। मैं बेइज्जती बर्दाश्त नहीं कर सकता। मैं दीदी से गुजारिश करूंगा अगर आप अभिषेक बनर्जी से अलग हो जाती हैं, तो मैं आपके साथ हूं। उन्होंने हमारी पार्टी को बर्बाद कर दिया है। विनोद उपाध्याय / 11 जून, 2026