खेल
12-Jun-2026
...


चयनकर्ता अपना काम कर रहे मुम्बई (ईएमएस)। आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद भी भारतीय टीम में वापसी नहीं कर पाने के बाद भी अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार निराश नहीं हैं। भुवनेश्वर को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की आगामी टी20 टीम में शामिल नहीं किय गया है जबकि प्रशंसकों के साथ ही कई अनुभवी खिलाड़ियों का कहना था कि उन्हें टीम में जगह मिलनी चाहिये। इसके बाद भी भुवनेश्वर ने चयनकर्ताओं के फैसले पर किसी भी तरह की नाराजगी नहीं जतायी है। उनका कहना है कि चयनकर्ता अपना काम कर रहे हैं, जबकि उनका ध्यान सिर्फ अपने प्रदर्शन पर केंद्रित है। भुवनेश्वर के लिए आईपीएल 2026 बेहद सफल रहा। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए खेलते हुए 16 मैचों में 28 विकेट लिए। उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए क्रिकेट पंडितों और प्रशंसकों को उम्मीद थी कि इस अनुभवी खिलाड़ी को एक बार फिर टीम में जगह मिलेगी पर ऐसा नहीं हुआ। चयनकर्ताओं ने आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए युवा प्रतिभाओं को ही अवसर दिया। भुवनेश्वर ने कहा , मेरा स्वभाव ऐसा है कि मैं कभी यह नहीं दिखाना चाहता कि मुझे टीम में खेलना है। हर कोई अपना काम कर रहा है। चयनकर्ता अपना काम कर रहे हैं और मैं अपना। उन्होंने जोर देकर कहा, टीम चुनना उनकी जिम्मेदारी है। अगर उन्हें लगता है कि मैं खेलने के योग्य हूं तो वे अपना काम करेंगे। यह बयान उनकी परिपक्वता और खेल के प्रति उनके शांत दृष्टिकोण को दर्शाता है, जिसमें व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से अधिक टीम की जरूरतों और चयन प्रक्रिया का सम्मान झलकता है। भुवनेश्वर ने अपने लंबे और सफल अंतरराष्ट्रीय करियर पर विचार करते हुए कहा कि वह खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें इतने लंबे समय तक भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा, मैं भारत के लिए खेल चुका हूं और जो करना था वह कर चुका हूं। अगर मुझे कभी खेलने का मौका नहीं मिला होता तो शायद मैं आज भी एक मैच खेलने के लिए तरस रहा होता। गिरजा/ईएमएस 12जून 2026