खेल
12-Jun-2026
...


मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय टीम के पूर्व गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे ने टीम के मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा है कि वह तीनों ही प्रारुपों में बेजोड़ हैं। म्हाम्ब्रे का मानना है कि साल 2013 में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में उतरने के बाद से ही बुमराह ने जिस तरह अपने प्रदर्शन को निखारा है, वह अविश्वसनीय है । इसके लिए उन्हें पूरा श्रेय मिलना चाहिए। बुमराह ने भारतीय टीम की टी20विश्वकप जीत में भी अहम भूमिका निभाई थी। म्हाम्ब्रे ने कहा कि एक खिलाड़ी के रूप में उनका समर्पण और दृढ़ता असाधारण है। बुमराह बेहद केंद्रित हैं और अपने खेल को गहराई से समझते हैं। बेहतर करने की उनकी निरंतर चाहत ही उन्हें विश्व का नंबर वन गेंदबाज बनाती है, म्हाम्ब्रे ने जोर दिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का आंकलन केवल खेले गए मैचों की संख्या से नहीं, बल्कि तीनों प्रारुपों में उनके द्वारा डाले गए प्रभाव से किया जाना चाहिए। बुमराह इस कसौटी पर पूरी तरह खरे उतरते हैं, क्योंकि उन्होंने अपनी गति, सटीकता और अप्रत्याशितता से तीनो ही प्रारुपों में बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया है। गौरतलब है कि क्रिकेट जगत में ऐसे बहुत कम गेंदबाज हैं जिन्होंने टी20, वनडे और टेस्ट जैसे तीनों प्रारूपों में इतना गहरा और व्यापक असर डाला हो। म्हाम्ब्रे के अनुसार, बुमराह के आंकड़े उनकी कड़ी मेहनत, लगन और खेल के प्रति उनकी गहरी समझ का प्रमाण हैं। वह उन चुनिंदा खिलाड़ियों में से हैं जिन्हें टेस्ट क्रिकेट खेलना बेहद पसंद है। वह आसानी से हार नहीं मानते और गेंद को कभी छोड़ते नहीं हैं, म्हाम्ब्रे ने उनकी जुझारू प्रवृत्ति की प्रशंसा की। 2016 में अपने अंतरराष्ट्रीय पदार्पण के बाद से, बुमराह ने खुद को भारत के सबसे बेहतरीन तेज गेंदबाजों में से एक के रूप में स्थापित किया है। गिरजा/ईएमएस 12जून 2026