खेल
12-Jun-2026
...


धर्मशाला (ईएमएस)। भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 जून से धर्मशाला में शुरू होने वाली तीन मैचों की एकदिवसीय क्रिकेट सीरीज के पहले मुकाबले में कई रिकार्ड बन सकते हैं। इस मैच में कप्तान शुभमन गिल के अलावा अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा और स्पिनर कुलदीप यादव भी नये रिकार्ड बना सकते हैं। इस मैच में शुभमन को अपने 3000 एकदिवसीय रन पूरे करने के लिए केवल 43 रनों की जरुरत है। उन्होंने जनवरी 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया था और तब से अब तक 61 पारियों में 2953 रन बना चुके हैं। यदि गिल धर्मशाला में पहले ही मुकाबले में यह उपलब्धि हासिल कर लेते हैं, तो वह एकदिवसीय इतिहास में 3000 रन तक पहुंचने वाले दूसरे सबसे तेज बल्लेबाज बन जाएंगे। इससे पहले ये आंकड़ा दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज हाशिम अमला ने 57 पारियों में पूरा किया था। इस मुकाम को हासिल करते ही शुभमन वेस्टइंडीज के शाई होप, पाकिस्तान के फखर जमान और इमाम-उल-हक जैसे दिग्गजों को भी पीछे छोड़ देंगे, जिन्होंने यह उपलब्धि 67-67 पारियों में हासिल की थी। साथ ही, गिल भारत के लिए सबसे तेज 3000 एकदिवसीय रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन जाएंगे, इस समय यह रिकॉर्ड शिखर धवन के नाम है, जिन्होंने 72 पारियों में यह आंकड़ा हासिल किया था। इस सीरीज में सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के पास भी एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने का अच्छा मौका है। रोहित को एकदिवसीय क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका के महान ऑलराउंडर जैक्स कैलिस के कुल रनोंको पीछे छोड़ने के लिए सिर्फ 3 रनों की जरूरत है। कैलिस ने अपने शानदार करियर में 328 एकदिवसीय मैचों में 11,579 रन बनाए थे, जबकि रोहित शर्मा 282 मैचों में 11,577 रन तक पहुंच चुके हैं। मात्र तीन रन बनाते ही रोहित कैलिस से आगे निकल जाएंगे। वहीं गेंदबाजी की बात करें तो स्टार स्पिनर कुलदीप यादव भी एक खास रिकॉर्ड के करीब हैं। कुलदीप ने अब तक 120 एकदिवसीय मैचों में 194 विकेट हासिल किए हैं और उन्हें 200 विकेट पूरे करने के लिए महज 6 विकेट की जरुरत है। यदि कुलदीप पहले वनडे में छह विकेट लेने में सफल रहते हैं, तो वह एकदिवसीय क्रिकेट में 200 विकेट पूरे करने वाले दूसरे सबसे तेज भारतीय गेंदबाज बन जाएंगे। यह रिकॉर्ड फिलहाल मोहम्मद शमी के नाम दर्ज है। गिरजा/ईएमएस 12जून 2026