बेंगलुरु (ईएमएस) भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ के नाम एक ऐसा रिकार्ड है जिसका टूटना असंभव है। द्रविड ने टेस्ट क्रिकेट में कुल 31,258 गेंदों का सामना किया, जो क्रिकेट इतिहास में किसी भी बल्लेबाज द्वारा खेली गई गेंदों की सबसे अधिक संख्या है। यह एक ऐसा अद्वितीय विश्व रिकॉर्ड है जो किसी के पास नहीं है। आज के समय में टेस्ट क्रिकेट में भी आक्रामक और तेज-तर्रार क्रिकेट खेला जा रहा है। ऐसे में टी20 प्रारूप के बढ़ते प्रभाव के युग में, किसी भी बल्लेबाज के लिए इतनी बड़ी संख्या में गेंदों का सामना करना और भी कठिन प्रतीत होता है, जिससे यह रिकॉर्ड और भी खास बन जाता है। उन्होंने टेस्ट में सबसे लंबे समय तक क्रीज पर टिके रहने का रिकॉर्ड भी बनाया, जो उनकी अनूठी सहनशीलता का प्रमाण है। 13,288 टेस्ट रनों के साथ, राहुल द्रविड़ टेस्ट क्रिकेट के सबसे अधिक रन बनाने वाले शीर्ष टॉप-5 बल्लेबाजों में शामिल हैं। अपने असाधारण टेस्ट करियर में उन्होंने कुल 36 शतक और 63 अर्धशतक बनाए, जो उनकी निरंतरता और विपरीत परिस्थितियों में भी रन बनाने की क्षमता का प्रमाण है। द्रविड़ की उपलब्धियां सिर्फ बल्लेबाजी तक सीमित नहीं थीं; टेस्ट क्रिकेट में एक नॉन-कीपर फील्डर के तौर पर सर्वाधिक 210 कैच पकड़ने का रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम था, जिसे बाद में इंग्लैंड के जो रूट ने तोड़ा। वह पहले ऐसे बल्लेबाज भी थे जिन्होंने सभी 10 टेस्ट खेलने वाले देशों में शतक लगाने का कारनामा किया और नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 10,000 से अधिक टेस्ट रन बनाए, जो उनकी मैच विेजेता क्षमता को दिखाता है। टेस्ट क्रिकेट के अलावा, राहुल द्रविड़ का एकदिवसीय करियर भी बेहद प्रभावशाली रहा। साल 1999 के वनडे विश्व कप में उन्होंने 461 रन बनाकर टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी का खिताब जीता था। गिरजा/ईएमएस 12जून 2026