- मिर्गी की बीमारी का भी शक, रांची के गर्ल्स हॉस्टल का मामला - आम तोड़ने की डांट पर नाबालिग ने दी जान रांची (ईएमएस)। झारखंड की राजधानी रांची में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दर्दनाक घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। लालपुर थाना क्षेत्र में एक गर्ल्स हॉस्टल की छत से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरने से एक छात्रा की मौत हो गई, वहीं खेलगांव थाना क्षेत्र में डांट से नाराज एक नाबालिग लड़के ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। दोनों ही मामलों में स्थानीय पुलिस मुस्तैदी से जांच कर रही है और मौतों के सही कारणों का पता लगाने में जुटी है। पहली घटना लालपुर थाना क्षेत्र स्थित अनआयरा गर्ल्स हॉस्टल की है, जहां रहने वाली पश्चिम बंगाल के आसनसोल (गुलटी) निवासी छात्रा गायत्री की छत से गिरने के कारण मौत हो गई। घटना के बाद हॉस्टल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही लालपुर थाना पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वैज्ञानिक जांच के लिए जरूरी नमूने एकत्र किए। पुलिस के अनुसार, गायत्री की रूम पार्टनर ने बताया कि वह आर्किड अस्पताल में नर्स है। गायत्री दोपहर करीब दो बजे ही आसनसोल स्थित अपने घर से वापस हॉस्टल लौटी थी और सामान रखने के बाद सीधे छत पर चली गई थी। बताया जा रहा है कि वह छत पर मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी और कुछ देर बाद नीचे गिरी हुई पाई गई। पुलिस को उसका मोबाइल फोन छत पर ही मिला है। हॉस्टल की अन्य छात्राओं ने पुलिस को बताया कि गायत्री को मिर्गी की बीमारी थी, इसलिए पुलिस इस बीमारी के दौरे और पैर फिसलने जैसी सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। छात्रा का शव पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है और शुक्रवार को परिजनों के रांची पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस मोबाइल की कॉल डिटेल भी खंगाल रही है। इसी दिन दूसरी दुखद घटना खेलगांव थाना क्षेत्र के न्यू खंटगा में सामने आई। यहां एक नाबालिग लड़के ने सिर्फ इसलिए फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली क्योंकि परिजनों ने उसे पेड़ पर चढ़कर आम तोड़ने से मना किया था। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार सुबह लड़का पेड़ पर चढ़कर आम तोड़ना चाह रहा था, तभी घरवालों ने सुरक्षा के लिहाज से उसे डांट-फटकार लगा दी। इस बात से नाराज होकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही खेलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ की है और हालांकि प्राथमिक जांच में घरेलू डांट ही वजह सामने आई है, फिर भी पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। रामयश/ईएमएस 12 जून 2026