कांकेर(ईएमएस)। जिले के अंतागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कलगांव में सुबह आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मनरेगा के तहत चल रहे तालाब निर्माण कार्य में लगे मजदूरों पर वज्रपात होने से उपसरपंच समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच मजदूर घायल हो गए। घायलों में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, ग्राम कलगांव में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत तालाब निर्माण का कार्य चल रहा था। कार्यस्थल पर करीब 50 मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए मजदूर पास के एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। बताया जा रहा है कि इसी दौरान पेड़ के समीप आकाशीय बिजली गिर गई। वज्रपात की चपेट में आने से गांव के उपसरपंच धनराज पटेल और एक अन्य मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कार्यस्थल पर अफरा-तफरी मच गई और मजदूरों में दहशत फैल गई। हादसे में पांच अन्य मजदूर भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अंतागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों की टीम घायलों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज करते हुए घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर निलेश महादेव क्षीरसागर ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारियों को मौके पर भेजा गया है। घायलों के इलाज के लिए एंबुलेंस रवाना की गई है तथा चिकित्सकों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता और घायलों के समुचित उपचार की मांग की है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)12 जून 2026