- राज्य का सकल घरेलू उत्पाद छह वर्षों में दोगुना हुआ अगरतला (ईएमएस)। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने नीति आयोग की शासी परिषद की बैठक में बताया कि राज्य को पिछले वर्ष 30,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें से 8,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं पहले ही धरातल पर उतर चुकी हैं। उन्होंने राज्य के तेज विकास और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला। साहा ने कहा कि त्रिपुरा ने पिछले छह वर्षों में अपना सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) दोगुना कर लिया है और यह भारत का तीसरा पूर्ण साक्षर राज्य बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि भारती एयरटेल जैसी बड़ी कंपनियां पूर्वी भारत को सेवा देने के लिए अगरतला में डेटा सेंटर जैसी रणनीतिक सुविधाएं स्थापित कर रही हैं। उन्होंने महिलाओं और युवाओं को सशक्त बनाने के राज्य के प्रयासों का भी उल्लेख किया। प्रशासनिक कार्यों में मंत्रिमंडल स्तर से लेकर ग्राम पंचायत तक पूर्ण डिजिटलीकरण और कागजरहित व्यवस्था हासिल की गई है। चिकित्सकीय शिक्षा में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जहां एमबीबीएस सीटें 225 से बढ़कर 550 और स्नातकोत्तर सीटें 85 से बढ़कर 196 हो गई हैं। पर्यटन क्षेत्र में माता त्रिपुरा सुंदरी पर्यटन सर्किट और बौद्ध सर्किट जैसे विकास कार्यों से महत्वपूर्ण प्रगति हो रही है। सतीश मोरे/12जून ---