व्यापार
12-Jun-2026


- कुल कार्यबल 6.28 लाख के पार पहुंचा, एसबीआई ने अकेले 8,905 नियुक्तियां कीं नई ‎दिल्ली (ईएमएस)। वित्तीय वर्ष 2025-26 में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसबी) ने अपने कार्यबल में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। देश के 12 में से आठ सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने इस अवधि में कुल 13,223 नए कर्मचारियों की नियुक्ति की है, जिससे उनका कुल कार्यबल बढ़कर 6.28 लाख से अधिक हो गया है। यह वृद्धि ऐसे समय में हुई है जब बैंकिंग क्षेत्र में डिजिटलीकरण और स्वचालन पर जोर दिया जा रहा है, जो बैंकों की विस्तार और ग्राहक सेवा रणनीतियों को दर्शाता है। आठ सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार 31 मार्च, 2026 तक इनका कुल कर्मचारी बल 6,28,203 रहा, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह 6,14,980 था। इस भर्ती अभियान में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) सबसे आगे रहा, जिसने ‎पिछले वित्त वर्ष में 8,905 कर्मचारियों की नियुक्ति की। एसबीआई का कार्यबल अब 2,45,131 हो गया है, और देश के सबसे बड़े बैंक की नियुक्तियों में 67 प्रतिशत हिस्सेदारी रही। एसबीआई के अलावा बैंक ऑफ बड़ौदा ने 1,685 और बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने 1,005 कर्मचारियों को नियुक्त किया। केनरा बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया और इंडियन बैंक ने भी अपने कार्यबल में वृद्धि की। यह विस्तार सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के बेहतर वित्तीय प्रदर्शन और मजबूत बही-खाते का परिणाम है, जिससे वे प्रौद्योगिकी, जोखिम प्रबंधन और शाखा बैंकिंग जैसे क्षेत्रों में मानव संसाधन बढ़ा रहे हैं। चार अन्य सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और इंडियन ओवरसीज बैंक ने अभी तक अपनी वार्षिक रिपोर्ट जारी नहीं की है। सतीश मोरे/12जून ---