नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के मालवीय नगर में पिछले हफ्ते हुए भीषण अग्निकांड के बाद आज तड़के हुए एक और हादसे ने राजधानी को झकझोर दिया है। इस बार दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में एक बिल्डिंग में आग लग गई। इसमें 3 लोगों की मौत हो गई है। वहीं दिल्ली पुलिस के अनुसार, फायर सर्विस के कर्मचारियों ने अब तक पांच लोगों को बचाया है। बता दें कि आग लगने की घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस (डीएफएस) की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। डीएफएस अधिकारियों ने कहा कि अब तक पांच लोगों को बचा लिया गया है। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं लग पाया है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुगलकाबाद की गली नंबर-1 स्थित नया तारा अपार्टमेंट के पास मौजूद हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक आग बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर स्थित पार्किंग क्षेत्र में खड़ी गाड़ियों में लगी थी। आग की वजह से पूरे बिल्डिंग में धुआं फैल गया, जिससे लोग अंदर फंस गए। फायर विभाग के एडीओ यशवंत मीणा ने बताया कि पार्किंग में खड़ी तीन स्कूटी, दो मोटरसाइकिल और एक साइकिल आग की चपेट में आ गईं। इसकी वजह से आग और धुआं 5वीं मंजिल तक फैल गया। जिससे ग्राउंड, पहली और दूसरी मंजिल पर सबसे ज्यादा नुकसान हुआ, जबकि ऊपरी मंजिलों पर कम क्षति हुई। यशवंत मीणा ने कहा कि पांच मंजिला इमारत संकरी गली में होने के कारण राहत बचाव कार्य में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। हालांकि, फायर ब्रिगेड ने तेजी से कार्रवाई करते हुए छत तक पहुंच बनाई। यहां से छत का गेट काटकर टीम अंदर दाखिल हुई। सबसे पहले वहां फंसी दो लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। 3 जून को मालवीय नगर इलाके के एक होटल में लगी आग के कारण 23 लोगों की मौत हो गई थी। उस हादसे के बाद भी कई जगहों पर आग लगी है। बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर दिल्ली सरकार के कई विभागों की ओर से अग्नि सुरक्षा को लेकर अभियान चलाए जा रहे हैं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/12/जून/2026