क्षेत्रीय
12-Jun-2026
...


धमतरी (ईएमएस)। जिले के नगरी क्षेत्र में पुलिस की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां मेडिकल परीक्षण के दौरान हिरासत में लिया गया एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, नागपुर निवासी पलाश गजभिए को कुछ दिन पहले गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। न्यायालयीन प्रक्रिया के तहत उसे मेडिकल मुलाहिजा के लिए नगरी अस्पताल लाया गया था। इसी दौरान आरोपी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। आरोपी के इस तरह भाग निकलने से पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शुरुआती जांच में यह लापरवाही मानते हुए विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एएसआई सोनचंद डहरिया सहित चार पुलिसकर्मियों आरक्षक अजय नेताम, हिमेश नेताम और डीगेश्वरी साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें जुटी हुई हैं और लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं इस घटना ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 जून 2026