क्षेत्रीय
12-Jun-2026
...


रायगढ़(ईएमएस)। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने सख्त निगरानी अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में पुसौर क्षेत्र में संयुक्त जांच टीम द्वारा की गई कार्रवाई में दो खाद दुकानों पर अनियमितताएं सामने आने के बाद कड़ी कार्रवाई की गई है। कृषि विभाग के अनुसार, निरीक्षण के दौरान एक दुकान से लगभग 9 टन यूरिया जब्त किया गया, जबकि दूसरी दुकान पर गंभीर अनियमितताओं के चलते 21 दिनों के लिए विक्रय प्रतिबंध (सेल बैन) लगा दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के लिए निर्धारित उर्वरकों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या रिकॉर्ड में गड़बड़ी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उप संचालक कृषि अनिल वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि संयुक्त जांच दल ने पुसौर स्थित अग्रवाल खाद भंडार का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकान में एचयूआरएल कंपनी का लगभग 9 टन यूरिया भंडारित पाया गया। जब स्टॉक पंजी, बिक्री अभिलेख और पीओएस मशीन के रिकॉर्ड का मिलान किया गया तो इस भंडारण का कोई वैध रिकॉर्ड दर्ज नहीं मिला। भौतिक स्टॉक और दस्तावेजी रिकॉर्ड में अंतर पाए जाने के बाद इसे उर्वरक भंडारण एवं विक्रय नियमों का स्पष्ट उल्लंघन माना गया। इसके बाद पूरी 9 टन यूरिया की खेप को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। इसके अतिरिक्त टीम ने पुसौर के ही बाबा मोहनदास एग्रो शॉप का भी निरीक्षण किया, जहां एसएसपी उर्वरक के स्टॉक और पीओएस एंट्री में गड़बड़ी पाई गई। वास्तविक भंडारण और रिकॉर्ड में अंतर सामने आने पर उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 के तहत कार्रवाई करते हुए दुकान संचालक पर 21 दिनों का विक्रय प्रतिबंध लगा दिया गया। कृषि विभाग ने कहा है कि खरीफ सीजन को देखते हुए जिले में उर्वरकों की उपलब्धता, भंडारण और वितरण व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 जून 2026