क्षेत्रीय
12-Jun-2026
...


गरियाबंद(ईएमएस)। जिले के मैनपुर विकासखंड के शोभा थाना क्षेत्र अंतर्गत गरीबा गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुरानी रंजिश के चलते पति-पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी गई और उनके शवों को एक बोरे में भरकर श्मशान घाट में दफना दिया गया। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राजाराम और उनकी पत्नी आशो बाई पिछले लगभग एक सप्ताह से लापता थे। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था, जिससे गांव में चिंता का माहौल बना हुआ था। इसी दौरान श्मशान घाट में एक अंतिम संस्कार के समय ग्रामीणों को एक स्थान पर ताजी मिट्टी और संदिग्ध स्थिति नजर आई। शक होने पर ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना शोभा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध स्थान की खुदाई कराई। खुदाई के दौरान मिट्टी के अंदर एक बोरे में लिपटे हुए दोनों शव बरामद हुए। बाद में शवों की पहचान लापता दंपती राजाराम और आशो बाई के रूप में की गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस जांच में हत्या की आशंका स्पष्ट होने पर मामले की गहन जांच शुरू की गई। पूछताछ के दौरान पुलिस ने गांव के ही तीन युवकों लखीराम नेताम, रघुराम नेताम और नकुल नेताम को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि पुरानी रंजिश के चलते उन्होंने डंडों से पीट-पीटकर दोनों की हत्या की और बाद में सबूत छिपाने के लिए शवों को बोरे में भरकर श्मशान घाट में दफना दिया, ताकि किसी को इसकी भनक न लगे। हालांकि ग्रामीणों की सतर्कता और समय पर सूचना देने से यह जघन्य वारदात उजागर हो गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 जून 2026