क्षेत्रीय
12-Jun-2026


बिलासपुर (ईएमएस)। शासकीय ई. राघवेन्द्र राव स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय (साइंस कॉलेज) के एलुमनी एसोसिएशन द्वारा विद्यार्थियों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों के लिए तीन दिवसीय विपश्यना ध्यान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 13, 14 एवं 15 जून को प्रतिदिन सुबह 6:30 बजे से 8 बजे तक साइंस कॉलेज ऑडिटोरियम, सरकंडा में आयोजित होगा। एलुमनी एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश तिवारी ने अधिक से अधिक लोगों से शिविर में शामिल होकर लाभ लेने की अपील की है। शिविर का संचालन समर्थगुरु धारा ध्यान केंद्र, कुदुदंड, बिलासपुर द्वारा किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार विपश्यना भगवान बुद्ध द्वारा बताई गई एक प्राचीन एवं वैज्ञानिक ध्यान पद्धति है, जो आत्मनिरीक्षण, संयम, करुणा और मानसिक शांति का मार्ग प्रशस्त करती है। इसके नियमित अभ्यास से एकाग्रता, स्मरण शक्ति, आत्मविश्वास और निर्णय क्षमता में वृद्धि होती है, वहीं तनाव, चिंता, क्रोध और नकारात्मक विचारों में कमी आती है।उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों पर परीक्षा और करियर का दबाव तथा कर्मचारियों व शिक्षकों पर कार्यभार के कारण मानसिक तनाव बढ़ रहा है। ऐसे में विपश्यना ध्यान मानसिक संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन ने भी विपश्यना ध्यान के महत्व को स्वीकार करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिविर में भाग लेने के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश की सुविधा प्रदान की है। मनोज राज 12 जून 2026