बिलासपुर (ईएमएस)। विश्व नेत्रदान दिवस के अवसर पर सक्षम बिलासपुर इकाई द्वारा नेत्रदान जागरूकता संगोष्ठी एवं आवश्यक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सक्षम बिलासपुर के जिला अध्यक्ष डॉ. प्रशांत द्विवेदी ने की, जबकि सक्षम छत्तीसगढ़ प्रांत के सचिव अनूप कुमार पाण्डेय विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न प्रकोष्ठों एवं आयामों के प्रमुखों तथा सहयोगियों की घोषणा भी की गई। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए अनूप कुमार पाण्डेय ने कहा कि देश में लाखों लोग कॉर्निया की समस्या के कारण दृष्टिबाधित जीवन जी रहे हैं। यदि समाज में नेत्रदान की परंपरा विकसित हो जाए तो हजारों लोगों को नई दृष्टि और नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने कहा कि मरणोपरांत नेत्रदान सबसे बड़ा मानवीय दान है, जिससे किसी जरूरतमंद के जीवन में उजाला लाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान श्री शुभंकर बसु को मरणोपरांत नेत्रदान का संकल्प लेने पर नेत्रदान प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों से भी नेत्रदान के लिए आगे आने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर अंजलि चावड़ा, भूपेंद्र शर्मा, लता गुप्ता, डॉ. विद्या साहू, कल्याणी पाण्डेय, मंजू यादव, रजनी भारत, रत्ना सोनी, सुरेखा भारती, एस. रविशंकर, सीता प्रधान, जाहिर बेग सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी जिला मीडिया प्रभारी चुन्नी मौर्य ने दी। मनोज राज 12 जून 2026