रायगढ़(ईएमएस)। जिले में पुलिस ने देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में संचालित एक सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 4 युवतियों और 2 कथित दलालों को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर सीएसपी मयंक मिश्रा, ट्रैफिक डीएसपी उत्तम सिंह और साइबर टीम की संयुक्त टीम ने टीवी टावर क्षेत्र स्थित एक मकान में दबिश दी। बताया जा रहा है कि इस मकान में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां और अवैध देह व्यापार संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और पुख्ता जानकारी मिलने पर कार्रवाई की। छापे के दौरान मौके से चार युवतियों और दो दलालों को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि यहां लंबे समय से संगठित तरीके से अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। पुलिस सभी हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। विस्तृत खुलासा पूछताछ और दस्तावेजी जांच के बाद किया जाएगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 जून 2026