गुना (ईएमएस)। जिले में खाद की किल्लत के बीच अवैध परिवहन और कालेबाज़ारी का एक बड़ा मामला सामने आया है। कैंट थाना क्षेत्र में एक जागरूक किसान की सूझबूझ से डीएपी खाद से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया है। किसान ने इसकी सूचना तत्काल जिला कृषि विभाग और पुलिस को दी, जिसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर कैंट थाने में खड़ा करवा दिया गया है। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को मुखबिर और स्थानीय स्तर से सूचना मिली थी कि ब्लैक से कुछ खाद दूसरे राज्य या अन्य क्षेत्रों में खपाने के लिए यहां से निकाली जा रही है। रात के अंधेरे में यह ट्रैक्टर-ट्रॉली पागरा की ओर जा रही थी, तभी इसे रोककर कस्टडी में लिया गया। कृषि विभाग और पुलिस प्रशासन के अधिकारी इस बात की गहन जांच कर रहे हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में डीएपी खाद रात के समय कहां से लाई गई थी, इसका असली मालिक कौन है और इसे कहां खपाने की तैयारी थी। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, फिलहाल खाद के परिवहन से जुड़े दस्तावेजों और रसीदों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। यदि कागजात फर्जी पाए जाते हैं या ब्लैक मार्केटिंग की पुष्टि होती है, तो संबंधित दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।।-सीताराम नाटानी