क्षेत्रीय
12-Jun-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं। वे रायपुर में आयोजित “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” में शामिल होंगे और विभिन्न विभागीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। अपने दौरे के दौरान वे हैंडलूम, हस्तशिल्प, सिल्क और टेक्सटाइल विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा सड्डू, बैरन बाजार और शांति नगर क्षेत्रों में जनसंपर्क कार्यक्रमों में भी शामिल होने का उनका कार्यक्रम है। 13 जून को वे सफाई अभियान और पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, साथ ही सदर बाजार और बूढ़ातालाब क्षेत्र में भी जनसंपर्क करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर सरकार की उपलब्धियों को लेकर उन्होंने कहा कि इस दौरान सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण संभव हुआ है। मीडिया से बातचीत के दौरान ‘ऑपरेशन लोटस’ को लेकर पूछे गए सवाल पर गिरिराज सिंह ने कहा कि भाजपा का कोई ऐसा ऑपरेशन नहीं चलता। उन्होंने कहा, “जो जैसा करेगा, उसका फल वैसा ही भोगेगा।” साथ ही उन्होंने विपक्ष के आरोपों पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें इन बयानों की कोई जानकारी नहीं है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन की याचिका खारिज किए जाने के सवाल पर भी उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है, इसलिए वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 जून 2026