क्षेत्रीय
12-Jun-2026
...


समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन फतेहपुर (ईएमएस)। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता जगदीश सिंह चौहान एडवोकेट के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक पोस्ट के विरुद्ध कार्रवाई की मांग उठाई। सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पुत्री अदिति यादव के संबंध में सोशल मीडिया पर अपमानजनक एवं अभद्र टिप्पणी की गई है। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि उक्त पोस्ट से पार्टी समर्थकों एवं शुभचिंतकों की भावनाएं आहत हुई हैं, जिससे उनमें भारी रोष व्याप्त है। समाजवादी पार्टी नेताओं ने कहा कि इस प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणियां सामाजिक सौहार्द एवं लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध हैं। उन्होंने मांग की कि संबंधित व्यक्ति की पहचान कर उसके विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की अभद्र एवं अपमानजनक हरकत करने का साहस न कर सके। जिलाधिकारी के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए तथा दोषी को दंडित कराया जाए। इस अवसर पर जननायक सचान एडवोकेट, जितेंद्र सिंह चौहान एडवोकेट, सुनील वर्मा एडवोकेट, संदीप कुमार श्रीमाली एडवोकेट, शिव मोहन यादव, राम बहादुर यादव, महेंद्र सिंह यादव एडवोकेट, इंद्रजीत सिंह यादव एडवोकेट सहित अन्य समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। शीबू खान / ईएमएस 12 जून, 2026