क्षेत्रीय
12-Jun-2026


नासिक, (ईएमएस)। महाराष्ट्र के नासिक में रिक्शा में सफर करने वाले यात्रियों को झांसे में लेकर उनके कीमती सामान और सोने के आभूषण चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को अंबड पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 15 तोला सोना, जिसकी कीमत लगभग 23 लाख रुपये है, तथा वारदात में इस्तेमाल की गई रिक्शा भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, नलिनी धनाजी गोसावी (58 वर्ष), निवासी उंटवाडी, ने अंबड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 6 जून की रात वह कुरूकवाडे से निमाणी बस स्टैंड पहुंचीं और वहां से रिक्शा लेकर अपने घर जा रही थीं। रास्ते में रिक्शा चालक ने गैस खत्म होने का बहाना बनाकर उन्हें बीच रास्ते में उतार दिया। इसके बाद उन्होंने दूसरी रिक्शा से घर पहुंचकर अपना सामान देखा तो बैग में रखे सोने के गहने गायब थे। शिकायत मिलने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता के घर से लेकर निमाणी बस स्टैंड तक के मार्ग और संदिग्धों की गतिविधियों से जुड़े करीब 150 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली। जांच के बाद पुलिस ने रविंद्र मल्लू घुमडकर (37 वर्ष, निवासी म्हसरूल) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई रिक्शा बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी रमेश बाबूराव जाधव (53 वर्ष, निवासी अमृतधाम, नासिक) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने के आभूषण बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों से रिक्शा और सोने के गहनों सहित कुल 23 लाख रुपये का माल जब्त किया है। यह कार्रवाई नासिक पुलिस आयुक्त संदीप कर्णिक के मार्गदर्शन में अंबड पुलिस के अपराध खोज दल और गुंडा विरोधी पथक ने संयुक्त रूप से की। जांच में तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने इससे पहले भी इसी तरह की अन्य वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। मामले की आगे की जांच जारी है। संतोष झा- १२ जून/२०२६/ईएमएस