ग्वालियर ( ईएमएस ) | मुरार थाना क्षेत्र में रहने वाली 21 वर्षीय युवती ने अपने प्रेमी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शुक्रवार को शिकायत दर्ज कराई। युवती का आरोप है कि युवक ने उसे नाबालिग अवस्था से ही प्रेमजाल में फंसाया और शादी का भरोसा देकर करीब छह साल तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। फरियादिया ने अपने परिजन के साथ थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत कर बताया कि वह वर्तमान में अपनी बहन और जीजा के साथ रह रही है। पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2020 में उसकी पहचान विकास नरवरिया से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ गईं। युवती का आरोप है कि सितंबर 2020 में विकास ने उसे अपने घर बुलाया और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। उस समय उसने आरोपी को यह कहते हुए मना किया कि वह नाबालिग है और बालिग होने के बाद शादी के बाद ही इस तरह का संबंध बनाएगी। लेकिन आरोपी ने उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरदस्ती की | पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद विकास लगातार उसे शादी का भरोसा देता रहा और इसी विश्वास का फायदा उठाकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। युवती का कहना है कि आरोपी हमेशा उससे कहता था कि वह उसी से शादी करेगा, इसलिए वह उसकी बातों पर भरोसा करती रही। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पिछले लगभग एक वर्ष से युवती आरोपी पर शादी करने का दबाव बना रही थी। दोनों के बालिग होने के बाद उसने कई बार विवाह की बात की, लेकिन विकास हर बार परिवार की सहमति का बहाना बनाकर टालमटोल करता रहा। आरोप है कि जब युवती ने लगातार शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और अंततः शादी करने से इनकार कर दिया। युवती के अनुसार , आरोपी ने आखिरी बार 26 अप्रैल 2026 को पिंटो पार्क स्थित होटल में उसके साथ संबंध बनाए पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है |