क्षेत्रीय
12-Jun-2026
...


पात्र हितग्राहियों को वितरित किए गए स्वीकृति पत्र नर्मदापुरम(ईएमएस)। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनपद पंचायत नर्मदापुरम में जनकल्याण शिविर का शुभारंभ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नर्मदापुरम रंजीत ताराम के नेतृत्व में किया गया। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में विकासखंड स्तरीय अधिकारियों एवं ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। शासन द्वारा 12 से 18 जून 2026 तक विशेष जनकल्याण शिविर आयोजित कर पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। जनपद पंचातय नर्मदापुरम में शिविर 12 जून 13 जून एवं 15 जून को लगेगा। शिविर के प्रथम दिवस विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। पशुपालन विभाग से सी.एम. बड़ोदिया, महिला एवं बाल विकास विभाग से सुश्री आशा भदोरिया, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से दुर्गेश ठाकुर, श्रम विभाग से वर्षा इरपाचे, आयुष्मान भारत योजना से वैभव दुबे, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से अनिल शर्मा, कृषि विभाग से सुश्री जयश्री देशमुख, उद्यानिकी विभाग से सुश्री विजया लक्ष्मी तथा सामाजिक न्याय विभाग से सुश्री निशा जायसवाल ने उपस्थित ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। रायपुर निवासी अशोक पासी, हेमवती बाई कहार, कालीचरण पासी, प्रकाश मालवीय एवं ग्राम निमसाड़िया की राममूर्ति चौरे को वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। वहीं श्रीमती शीला गौर एवं आरती राजपूत को कल्याणी पेंशन योजना के अंतर्गत स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी रंजीत ताराम ने उपस्थित ग्रामीणों से शासन की जनहितकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान करते हुए कहा कि जनकल्याण शिविरों का उद्देश्य अंतिम छोर के पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से शीघ्र लाभान्वित किया जाए। शिविर में बीपीओ रेवाशंकर लोवंशी, एपीओ सुश्री प्रिया चावरे, ब्लॉक समन्वयक रामकुमार गौर सहित जनपद पंचायत का समस्त अमला, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। राजीव अग्रवाल / 12 जून, 2026