क्षेत्रीय
12-Jun-2026
...


बालोद(ईएमएस)। जिले में अचानक आई तेज हवाओं और आंधी-बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। कई इलाकों में बड़े-बड़े पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए, जिससे आवागमन घंटों तक बाधित रहा। वहीं भेड़िया नवागांव क्षेत्र में बीएसएनएल का मोबाइल टॉवर भी तेज आंधी की चपेट में आकर गिर गया। जानकारी के अनुसार, टॉवर खेत में गिरा होने के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन इसके गिरने से इलाके का मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे लोगों को संचार संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर बिजली लाइनें और खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। इसके चलते कई गांवों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है और घरों में अंधेरा छा गया है। लगभग 50 से अधिक पेड़ों के गिरने की भी सूचना है, जिससे कई मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। मौसम में अचानक आए इस बदलाव के कारण कई मकानों की छतों को भी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीण क्षेत्रों में ब्लैकआउट जैसी स्थिति बन गई है, जिससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सूचना मिलते ही बिजली विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। पेड़ों को हटाने और बिजली व्यवस्था बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 जून 2026