रायपुर (ईएमएस)। रायपुर पश्चिम विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने रायपुर नगर निगम के जोन-1 अंतर्गत ठक्कर बापा वार्ड क्रमांक 17 एवं बाल गंगाधर तिलक वार्ड क्रमांक 18 में ₹2 करोड़ 6 लाख की लागत से स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, नगर निगम अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक राजेश मूणत ने कहा कि गुढियारी के दीक्षा नगर में निर्माणाधीन नए जलागार और पानी टंकी का कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2026 तक परियोजना पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के घर-घर तक नदी का मीठा जल पहुंचाया जाएगा, जिसे रायपुर नगर निगम की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जाएगा। उन्होंने क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने के लिए गुढियारी में तीन नए विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने की योजना की जानकारी दी। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है, जिससे क्षेत्रवासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके। विधायक ने शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में प्रार्थना शेड और पेयजल सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही गरीब परिवारों के बच्चों को निजी स्कूलों जैसी प्ले-स्कूल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने एनआईटी के समीप प्रस्तावित नालंदा 2 लाइब्रेरी का जिक्र करते हुए कहा कि इसके बनने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं मिलेंगी और उनकी सफलता की संभावनाएं बढ़ेंगी। कार्यक्रम में विधायक ने नागरिकों से शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नालियों में कचरा डालने से बचें तथा घरों का कचरा नियमित रूप से सफाई मित्रों को सौंपें, ताकि स्वच्छ रायपुर के लक्ष्य को साकार किया जा सके। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/12 जून 2026