- व्यवसायिक वाहनों का रजिस्ट्रेशन रद्द करने की तैयारी जबलपुर, (ईएमएस)। यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले व्यावसायिक वाहनों पर परिवहन विभाग अब सख्त रुख अपनाएगा। विभागीय जांच में सामने आया है कि जबलपुर संभाग की करीब 70 प्रतिशत बसों और टैक्सियों में लगे पैनिक बटन और वीएलटी डिवाइस फिटनेस के तुरंत बाद बंद कर दिए जाते हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए विभाग ऐसे वाहनों का रजिस्ट्रेशन रद्द करने और भारी जुर्माना लगाने की तैयारी कर रहा है। परिवहन आयुक्त उमेश जोगा के निर्देश पर आरटीओ संभागीय उड़नदस्ता प्रभारी विक्रम सिंह ठाकुर के नेतृत्व में मई माह में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान ओवरलोडिंग, अवैध परिवहन और दस्तावेजों के उल्लंघन पर 980 वाहनों के चालान काटे गए और 53.45 लाख रुपये का राजस्व वसूला गया। कई वाहन बिना परमिट, फिटनेस, बीमा और कर भुगतान के चलते मिले। विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में सुरक्षा उपकरण बंद पाए जाने पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। नियमित औचक जांच तेज होगी और नियम तोड़ने वाले संचालकों पर कठोर कार्रवाई तय है। इसका उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और नियमों का पालन कराना है। सुनील साहू / मोनिका / 12 जून 2026/ 04.27