राज्य
12-Jun-2026
...


बलरामपुर(ईएमएस)। जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये मूल्य की भारी खेप पकड़ी है। बसंतपुर थाना पुलिस ने ओडिशा से उत्तरप्रदेश ले जाई जा रही एक ट्रक से करीब 1941.110 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार, यह खेप ओडिशा के सोनपुर से ट्रक (RJ 14 GU 9078) में भरकर यूपी ले जाई जा रही थी। तस्करों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर तस्करी की योजना बनाई थी, लेकिन मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर दी। पुलिस ने तड़के करीब 3 बजे बसंतपुर क्षेत्र में नाकेबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक में बोरियों में छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपना नाम लोकेश शर्मा और आमिर अंसारी बताया है, जो उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं। मौके पर साइबर सेल की टीम भी मौजूद रही। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह अब तक की सबसे बड़ी गांजा बरामदगी में से एक मानी जा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 जून 2026