क्षेत्रीय
12-Jun-2026
...


- बजरंग दल ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन गुना (ईएमएस)। शहर के प्रसिद्ध सिद्ध स्थल श्री हनुमान टेकरी मंदिर परिसर स्थित शिव मंदिर में प्रस्तावित नई मूर्ति स्थापना को लेकर विवाद गहराने लगा है। विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल ने शुक्रवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पुरानी शिव प्रतिमा को हटाने की किसी भी कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। संगठन का आरोप है कि मंदिर ट्रस्ट द्वारा श्रद्धालुओं की भावनाओं को नजरअंदाज करते हुए एकतरफा निर्णय लिया जा रहा है, जिससे शहर की धार्मिक सद्भावना प्रभावित हो सकती है। ज्ञापन में बताया गया कि हनुमान टेकरी स्थित भगवान शिव के मंदिर में वर्ष 1956 से नियमित पूजा-अर्चना की जा रही है। संगठन का दावा है कि इस मंदिर की स्थापना आर्य समाज से जुड़े लोगों द्वारा कराई गई थी और वर्षों से यहां स्थापित शिव प्रतिमा के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। बजरंग दल का आरोप है कि मंदिर ट्रस्ट के कुछ पदाधिकारी 17 और 18 जून को पुरानी प्रतिमा को हटाकर नई प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी कर रहे हैं, जिसका स्थानीय सनातन समाज विरोध कर रहा है। संगठन ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया है कि हनुमान टेकरी मंदिर ट्रस्ट की वैधता और उसके गठन को लेकर पहले से विवाद चल रहा है। मामले में ट्रस्ट को भंग करने संबंधी आवेदन पूर्व में जिला प्रशासन को दिया गया था, जिसे बाद में एसडीएम न्यायालय में भेजा गया। वर्तमान में इस प्रकरण की सुनवाई जारी है। संगठन का कहना है कि वर्ष 1982 में गठित ट्रस्ट के कई मूल ट्रस्टियों का निधन हो चुका है और बाद में कुछ लोगों को कथित रूप से अनाधिकृत तरीके से ट्रस्ट में शामिल किया गया है, जिसकी जांच भी चल रही है। ज्ञापन में ट्रस्ट के संचालन और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। बजरंग दल ने दावा किया कि एसडीएम न्यायालय द्वारा मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। ऐसे में जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती और न्यायालय कोई अंतिम निर्णय नहीं देता, तब तक मंदिर की मूल संरचना और पुरानी प्रतिमा से छेड़छाड़ नहीं की जानी चाहिए। बजरंग दल के जिला संयोजक ने प्रशासन से मांग की है कि श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए शिव मंदिर की पुरानी प्रतिमा को हटाने और नई प्रतिमा स्थापित करने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए, ताकि किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो और शहर में सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे। - सीताराम नाटानी