ग्वालियर ( ईएमएस ) | नगर निगम अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने बाल भवन स्थित सभागार में पार्क गोद लेने के संबंध में इच्छुक संस्थाओं के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में उन संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिन्होंने नगर निगम को पार्क गोद लेने के लिए आवेदन प्रस्तुत किए हैं। बैठक के दौरान अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने सभी संस्थाओं को अवगत कराया कि पार्क गोद लेने की प्रक्रिया के अंतर्गत 1000 रुपये के स्टांप पेपर पर नगर निगम के साथ विधिवत अनुबंध (एग्रीमेंट) किया जाना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि एग्रीमेंट में निर्धारित सभी नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करना संबंधित संस्था की जिम्मेदारी होगी। बैठक में उपस्थित संस्थाओं के प्रतिनिधियों द्वारा एग्रीमेंट के विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई, जिस पर अपर आयुक्त ने विस्तार से जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि पार्कों के बेहतर संरक्षण एवं विकास के लिए नगर निगम भी संस्थाओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करेगा। अपर आयुक्त ने सभी इच्छुक संस्थाओं से कहा कि वे एग्रीमेंट का भली-भांति अवलोकन कर आगामी तीन दिवस के भीतर आवश्यक दस्तावेजों सहित एग्रीमेंट की प्रक्रिया पूर्ण करें तथा पार्कों के संरक्षण एवं विकास का कार्य प्रारंभ करें।