- धमाकों से इलाके में फैली दहशत, बड़ा हादसा टला - घंटो की मशक्कत के बाद पाया गया काबू, भोपाल(ईएमएस)। राजधानी के बैरागढ़ रोड पर शुक्रवार अलसुबह उस समय सनसनी फैल गई जब यहॉ अचानक तेज धमाकों की आवाजें गुंजने लगी। यहां हलालपुरा में मुख्य सड़क किनारे स्थित एक पटाखा दुकान में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर पटाखों में लगातार बार धमाके होते रहे। देखते ही देखते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया और आग की लपटें करीब 70 फीट ऊपर तक उठ गईं। आग बुझाने पहुंचे एक दमकलकर्मी ने अचानक हुए धमाके से बचने के लिये कूदकर अपनी जान बचाई। मौके पर मौजूद लोगो का कहना है कि समय रहते कर्मचारी नहीं कूदता तो वह आग की चपेट में आ सकता था। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। कई घंटो की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। जानकारी के अनुसार आग बैरागढ़ रोड स्थित सुंदर वन गार्डन के ठीक सामने सोनी पटाखा दुकान में अल सुबह करीब 4:15 बजे लगी। आग की लपटें इतनी तेज थी कि वह 70-80 फिट ऊपर तक उठ रही थी। पटाखों में आग लगने के कारण विस्फोट जैसी स्थिति बन गई। जिससे आसपास के दुकानदारों और लोगों में दहशत फैल गई। एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कर दी गई, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो। हालात की गंभीरता को देखते हुए भोपाल के सभी फायर स्टेशनों से दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया। फायर फायटरो ने करीब साढ़े तीन घंटो की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने वाली दुकान के पास ही पेट्रोल पंप होने के कारण खतरा और अधिक बढ़ गया था। हालांकि समय रहते फायर ब्रिगेड की कार्रवाई से बड़ी दुर्घटना टल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के बाद लगातार पटाखो में धमाके होते रहे, जिससे राहत और बचाव कार्य में भी काफी मुशकिले आई। घटना में पटाखा दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गई है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। लोगो का कहना है की दिन में यहां खासा ट्रैफिक रहता है। वहीं, आसपास गाड़ियां भी खड़ी रहती है। गनीमत रही कि आग रात में लगी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आग लगने का कारण साफ नहीं हो सका है। - गोविंदपुरा के जंगल में लगी भीषण आग इधर गोविंदपुरा क्षेत्र स्थित वार्ड क्रमांक 59 में अन्ना नगर और बुध विहार के सामने जंगल क्षेत्र में अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से जंगल के कई पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचा है। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम के पानी के टैंकर और दमकल मौके पर पहुचें और समय रहते आग पर काबू पा लिया। जुनेद / 12 जून