अलीगढ़ (ईएमएस)। जिला मुख्यालय पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया जब जब अपनी फरियाद लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा एक पीड़ित व्यक्ति अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। पीड़ित थाना गोरई क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है, जो ग्राम प्रधान के उत्पीड़न से परेशान होकर न्याय की गुहार लगाने जिला मुख्यालय आया था। मिली जानकारी के अनुसार, थाना गोरई क्षेत्र का निवासी दिनेश कुमार ग्राम प्रधान की प्रताड़ना से बुरी तरह परेशान था। पीड़ित के भाई विपिन कुमार ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि ग्राम प्रधान लगातार उनके परिवार को परेशान कर रहा है। इस मामले की शिकायत लेकर वे पहले स्थानीय थाने भी गए, लेकिन वहां उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित परिवार एसडीएम इगलास के पास भी न्याय की उम्मीद लेकर पहुंचा, लेकिन आरोप है कि एसडीएम ने भी उन्हें वहां से भगा दिया। स्थानीय स्तर पर हर जगह से निराश होने के बाद पीड़ित थक-हारकर जिलाधिकारी से गुहार लगाने जिला मुख्यालय पहुंचा था। सिस्टम की बेरुखी और मानसिक तनाव के कारण पीड़ित दिनेश कुमार जिलाधिकारी कार्यालय के सामने ही अचानक अचेत होकर गिर पड़ा। फरियादी के बेहोश होते ही परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मलखान सिंह जिला चिकित्सालय के डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची और बेहोश व्यक्ति का प्राथमिक चेकअप किया। डॉक्टरों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित को एंबुलेंस की मदद से तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसका इलाज जारी है। यह पूरी घटना थाना सिविल लाइन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जिला मुख्यालय परिसर की है। प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित परिवार का कहना है कि जिला मुख्यालय पर एक फरियादी न्याय की आस में बेहोश पड़ा रहा, लेकिन कोई अधिकारी उसे देखने तक नहीं निकले। इस घटना के कोई प्रशासनिक संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ईएमएस/धर्मेन्द्र राघव/ 12 जून 2026