देवास (ईएमएस)। नगर निगम महात्मा जिला अस्पताल पर 50 हजार रुपए जुर्माना लगाएगा। जिला अस्पताल ने चेतावनी के बाद भी मेडिकल वेस्ट को सामान्य कचरे के साथ फेंक दिया। अस्पताल प्रबंधन ने संक्रमित मेडिकल कचरे को सामान्य कचरे के साथ मिलाकर फेंका। शुक्रवार सुबह नगर निगम की टीम के औचक निरीक्षण के दौरान इसका खुलासा हुआ। जांच में संक्रमित रक्त, इस्तेमाल की गई सुइयां और अन्य बायोमेडिकल वेस्ट सामान्य कचरे में मिला। मुख्य स्वच्छता निरीक्षक रवि गोयनार ने बताया कि कचरा संग्रहण के दौरान टीम को गड़बड़ी की आशंका हुई थी। इसके बाद मौके पर ही कचरा खाली करवाकर जांच की गई। जांच में इस्तेमाल की गई सुइयां, संक्रमित सामग्री और अन्य बायोमेडिकल वेस्ट सामान्य कचरे के साथ मिला पाया गया। यह बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन नियमों का सीधा उल्लंघन है। रवि गोयनार ने बताया कि जिला अस्पताल को पहले भी कई बार इस संबंध में चेतावनी दी जा चुकी है। इसके बावजूद अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं आया। पूर्व में भी इसी तरह की लापरवाही के लिए अस्पताल पर 75 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था, जिसका भुगतान अभी तक नहीं किया गया है। नगर निगम ने जिला अस्पताल पर 50 हजार रुपये का नया जुर्माना लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। निगम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि इस बार भी जुर्माने का भुगतान नहीं किया गया, तो कचरा संग्रहण वाहन जिला अस्पताल से कचरा उठाना बंद कर देगा। इस घटना ने अस्पताल प्रबंधन की जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। संक्रमित कचरे को सामान्य कचरे में मिलाना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे सार्वजनिक स्वास्थ्य को भी गंभीर खतरा हो सकता है। ईएमएस/ मोहने/ 12 जून 2026