खरगोन (ईएमएस)। हरिहर कमंडल मंडल के तत्वावधान में संत हनुमान दास के सानिध्य में डाक कावड़ का आयोजन पिछले 12 वर्षों से लगातार किया जा रहा है। इस वर्ष सावन माह में कावडि़ए 8 अगस्त को बमनाला से महाराष्ट्र के त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग तक 400 किलोमीटर की डाक कावड़ लेकर रवाना होंगे। आयोजकों ने बताया कि श्रावण मास में प्रतिवर्ष यह आयोजन होता है। शुरूआती वर्षों में ओंकारेश्वर से बमनाला तक नर्मदा जल लाकर स्थानीय शिव मंदिर में अभिषेक किया जाता था। इसके बाद कई वर्षों तक कावड़ उज्जैन महाकालेश्वर पहुंचती रही और वहां जलाभिषेक किया गया। पिछले वर्ष यह डाक कावड़ महाराष्ट्र के एलोरा स्थित घृष्णेश्वर महादेव मंदिर तक गई थी। इस वर्ष कावडिय़ों ने संकल्प किया है कि बमनाला से त्र्यंबकेश्वर तक लगभग 400 किमी की दूरी 35 घंटे में लगातार दौड़कर पूरी की जाएगी। त्र्यंबकेश्वर में ही शिव अभिषेक होगा। इस धार्मिक यात्रा में करीब 150 कावडिय़ों की टीम भाग लेगी। डाक कावड़ को निरंतर जारी रखने में प्रवीण जायसवालए, बालकृष्ण जायसवाल, धर्मेंद्र साहू, राजा राठौड़, प्रमोद जायसवाल, लालू, मुकेश साल्वे, रोहित साल्वे सहित कई कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहता है। ईएमएस/मोहने/ 12 जून 2026