राज्य
12-Jun-2026


इन्दौर (ईएमएस) एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक एमसीए का छात्र था। हादसा राऊ थाना क्षेत्र में हुआ। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार मृतक का नाम हर्षित सोलंकी पिता अजय कुमार सोलंकी उम्र बावीस साल निवासी शिव सिटी है। हादसा कल रात राऊ सर्कल पर हुआ। मौके पर एकत्रित राहगीरों ने युवक को गंभीर घायल हालत में अस्पताल पहुंचाने के साथ पुलिस को सूचना दी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला कि युवक बाइक पर राऊ सर्कल होते हुए अपने घर लौट रहा था। उसी दौरान ट्रक चालक ने उसे टक्कर मार दी। वहीं परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह आइपीएस कॉलेज में एमसीए सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रहा था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक को जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 12 जून 2026