राज्य
12-Jun-2026


:: मालवा-निमाड़ के 26.66 लाख उपभोक्ता लाभान्वित; इंदौर जिला 14 करोड़ रू. की राहत के साथ सबसे आगे :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा राज्य शासन की अटल गृह ज्योति योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को बड़े पैमाने पर राहत पहुंचाई जा रही है। पिछले एक बिलिंग माह के आंकड़ों के अनुसार, कंपनी ने अपने कार्यक्षेत्र के पात्र उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में कुल 147 करोड़ 70 लाख रुपये की सब्सिडी प्रदान की है। शासन की इस जनकल्याणकारी योजना से कुल 26.66 लाख उपभोक्ता लाभान्वित हुए हैं। इस योजना का सर्वाधिक लाभ इंदौर जिले के बिजली उपभोक्ताओं को मिला है। इंदौर के 3.15 लाख उपभोक्ताओं को एक महीने में 14 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी दी गई है। इसके बाद धार जिले के 2.62 लाख, खरगोन के 2.49 लाख, उज्जैन के 2.35 लाख और रतलाम जिले के 2.15 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को योजना के तहत बिलों में बड़ी राहत मिली है। मालवा-निमाड़ अंचल के अन्य जिलों में भी 56 हजार से लेकर 1.90 लाख उपभोक्ताओं ने पात्रता के अनुसार इस सब्सिडी का लाभ उठाया है। अटल गृह ज्योति योजना के तहत सब्सिडी का लाभ केवल उन्हीं घरेलू उपभोक्ताओं को मिलता है जिनकी दैनिक औसत बिजली खपत 5 यूनिट या उससे कम होती है। इस नियम के तहत पात्रता रखने वाले उपभोक्ताओं को पहले 100 यूनिट की खपत पर केवल 100 रुपये का बिल देना होता है। यदि उपभोक्ता की खपत 100 यूनिट से अधिक होती है, तो शेष 50 यूनिट तक का बिल प्रचलित बिजली टैरिफ (दरों) के अनुसार जोड़ा जाता है। योजना की सबसे महत्वपूर्ण शर्त यह है कि 30 दिन के बिलिंग चक्र में कुल बिजली खपत 150 यूनिट (यानी औसतन 5 यूनिट प्रतिदिन) से अधिक नहीं होनी चाहिए। यदि किसी उपभोक्ता की खपत माह विशेष में 150 यूनिट की सीमा को पार कर जाती है, तो उस संबंधित महीने के लिए सब्सिडी की पात्रता पूरी तरह समाप्त हो जाती है और उपभोक्ता को सामान्य दरों पर पूरा बिजली बिल चुकाना पड़ता है। प्रकाश/12 जून 2026