:: विजय नगर, रोबोट चौराहा और बीआरटीएस कॉरिडोर का निरीक्षण; स्टॉर्म वॉटर लाइन साफ करने के निर्देश :: इंदौर (ईएमएस)। आगामी मानसूनी सीजन को ध्यान में रखते हुए नगर निगम प्रशासन ने शहर के संवेदनशील और जल भराव वाले क्षेत्रों की सुध लेना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने शुक्रवार को शहर के प्रमुख चौराहों और निचले इलाकों का दौरा कर जल निकासी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बीआरटीएस कॉरिडोर, प्रेस कॉम्प्लेक्स क्षेत्र, लोटस चौराहा, विजय नगर चौराहा और रोबोट चौराहा सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर स्टॉर्म वॉटर लाइन और चैंबरों की सफाई के काम का जमीनी अवलोकन किया। आयुक्त ने मैदानी अधिकारियों को कड़े लहजे में निर्देश दिए कि भारी वर्षा के दौरान भी शहर की सड़कों पर कहीं भी जल जमाव की स्थिति नहीं बननी चाहिए। इसके लिए सभी मुख्य रास्तों की स्टॉर्म वॉटर लाइनों से गाद और कचरा साफ किया जाए तथा चौक हो चुकीं पाइप लाइनों को तत्काल दुरुस्त कर पूरे जल निकासी तंत्र को मुस्तैद रखा जाए। :: जलभराव वाले चौराहों पर रहेगी विशेष निगरानी :: दौरे के दौरान आयुक्त ने उन संवेदनशील क्षेत्रों और चौराहों पर विशेष फोकस करने को कहा जहां मामूली बारिश में ही घुटनों तक पानी भर जाता है। उन्होंने अधीनस्थ इंजीनियरों को निर्देश दिए कि इन चिन्हित स्थानों पर वर्षाकाल के दौरान विशेष निगरानी रखी जाए और जलभराव होते ही पानी निकालने के लिए सक्शन मशीनों और पंपों की तैनाती पहले से सुनिश्चित की जाए। :: समय रहते तैयारियां पूरी करने की हिदायत :: निगम आयुक्त ने ड्रेनेज और स्वास्थ्य विभाग के अमले को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून आने में अब बहुत कम समय बचा है, इसलिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। चैंबरों के टूटे हुए ढक्कन बदलने और मुख्य सड़कों के किनारे बनी ड्रेनेज जालियों को साफ रखने के लिए भी उन्होंने अधिकारियों को पाबंद किया। इस महत्वपूर्ण मैदानी निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त के साथ अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, संबंधित क्षेत्रों के जोनल अधिकारी, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी और जलयंत्रालय एवं ड्रेनेज विभाग के उपयंत्री मुख्य रूप से मौजूद थे, जिन्हें मौके पर ही आवश्यक सुधार कार्य जल्द से जल्द पूरे करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रकाश/12 जून 2026