हाथरस (ईएमएस)! कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित श्रम बन्धु एवं उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की जनपद स्तरीय कार्यान्वयन समिति की बैठक में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने श्रमिकों के हित में संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में श्रमिकों के पंजीकरण, नवीनीकरण, योजनाओं के लाभ वितरण तथा विभागीय कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र श्रमिक तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक निर्माण श्रमिकों का पंजीकरण कराया जाए तथा जिन श्रमिकों का पंजीकरण समाप्त हो चुका है, उनका नवीनीकरण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों का पंजीकरण उनके सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा कवच का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिससे दुर्घटना अथवा अन्य आपात परिस्थितियों में श्रमिकों और उनके परिवारों को सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है। डीएम ने श्रम विभाग को निर्देश दिए कि कारखानों, फैक्ट्रियों एवं निर्माण स्थलों पर विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएं। साथ ही निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी श्रमिक पंजीकृत हों तथा उन्हें सुरक्षा मानकों के अनुरूप कार्य वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा हो। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, श्रम प्रवर्तन अधिकारी एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 12 जून 2026