हाथरस (ईएमएस)!ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के श्री दाऊजी महाराज मेले के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा की संयुक्त अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मेले की व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों, विकास कार्यों तथा आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पूर्व वर्षों में आयोजित मेले की व्यवस्थाओं, कार्यक्रमों, व्यय, टेंडर प्रक्रिया एवं अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि मेले के आयोजन स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर वर्तमान स्थिति से अवगत कराएं, ताकि आवश्यक कार्यों की रूपरेखा समय रहते तैयार की जा सके और आयोजन को बेहतर बनाया जा सके। डीएम ने कहा कि मेले में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात नियंत्रण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक सुझाव दिए तथा अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी सदर, नगर पालिका एवं लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 12 जून 2026