हाथरस (ईएमएस)! थाना सहपऊ पुलिस ने ग्राम महरारा में हुई समरसेबल के तार चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया जला हुआ कॉपर तार भी बरामद किया है। जानकारी के अनुसार ग्राम महरारा निवासी हेमंत पुत्र हरेंद्र ने थाना सहपऊ में शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 जून की रात अज्ञात चोर उसकी समरसेबल का लगभग 10 मीटर तार चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना सहपऊ पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए 11 जून को सूचना के आधार पर आरोपी जसवंत सिंह निवासी कस्बा आंवलखेड़ा, जनपद आगरा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ एवं बरामदगी के बाद आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्रीय लोगों में सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ा है। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 12 जून 2026