राज्य
12-Jun-2026


हाथरस (ईएमएस)!ग्राम चमरुआ में चल रही श्रीराम कथा के दौरान आयोजित रात्रिकालीन विराट कवि सम्मेलन ने साहित्य प्रेमियों को भाव-विभोर कर दिया। ग्राम प्रधान रामसेवक रावत के मार्गदर्शन तथा सुरेश चंद शर्मा के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कवियों एवं कवयित्रियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संत प्रवर पंडित रामलखन मिश्र ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में ब्रज कला केंद्र के अध्यक्ष एवं कांग्रेस कोऑर्डिनेटर चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ आशुकवि अनिल बोहरे ने किया। शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं कवयित्री मीरा दीक्षित की सरस्वती वंदना से हुआ। कवि सम्मेलन में राष्ट्रभक्ति, हास्य, व्यंग्य, नारी सम्मान, सामाजिक सरोकार एवं पारिवारिक मूल्यों पर आधारित रचनाओं की प्रस्तुति हुई। हास्य कवियों ने जहां श्रोताओं को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया, वहीं ओज कवियों ने देशभक्ति का जोश भर दिया। कवयित्रियों ने संवेदनशील एवं प्रेरणादायक रचनाओं से विशेष छाप छोड़ी। कार्यक्रम के अंत में अनिल बोहरे की चर्चित तीन शब्दों की कविताओं ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजन को सफल बनाने में देवेश रावत, लक्ष्मी रावत, योगेश रावत एवं भारती रावत सहित अनेक ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीणों एवं साहित्य प्रेमियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 12 जून 2026