राज्य
12-Jun-2026


हाथरस (ईएमएस)! हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक युवक ने कथित रूप से पारिवारिक तनाव के चलते ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना देर रात की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मृतक की पहचान गांव पुतेरे निवासी 28 वर्षीय रईस मोहम्मद पुत्र दीन मोहम्मद के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रईस मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी करीब आठ वर्ष पहले हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के अनुसार, लगभग एक माह पहले रईस अपनी पत्नी के साथ मजदूरी करने हरियाणा गया था। वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था, जिसके बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 12 जून 2026